गदरपुर/सितारगंज। आम आदमी पार्टी की बैठक सरदारनगर मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें वक्ताओं ने कुंभ में कोविड टेस्ट घोटाले के लिए प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा किया। पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वली अहमद मंसूरी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने कुंभ मेले में कोरोना के एक लाख टेस्ट फर्जी तरीके से कराए। साथ ही राज्यपाल से कुंभ में हुए घोटालों की निष्पक्ष जांच करने और प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घड़े को फोड़कर विरोध जताया। वहां जिला सचिव भुवन बिष्ट, डॉ. आनंद विश्वास, हरवीर सिंह, अजीत मौर्य, धरमपाल लोधी, नन्हे मियां सहित अनेक मौजूद रहे।
इधर, सितारगंज में आप के कार्यकर्ताओं ने बिज्टी तिराहे पर राज्य सरकार के खिलाफ मटका फोड़ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विनय कृष्ण मंडल ने कहा कि जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। वहां जिला महामंत्री बिशन दत्त जोशी, मक्खन सिंह, रणवीर सिंह, इमरान, तौसीफ खान, नफीस मोहन, इरशाद, अरमान आदि थे।