पंतनगर विश्वविद्यालय के एनेक्सी परिसर में मंगलवार को ‘आपकी राय-आपका बजट’ कार्यक्रम के तहत सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किसानों, उद्यमियों और शोध विद्यार्थियों के सुझाव लिए। उन्होंने सुझावों का बजट में अधिकतम समावेश करने और होली तक ई-मेल के माध्यम से सुझाव भेजने का आह्वान भी किया।
सीएम रावत ने कहा कि शिवरात्रि में यमुनोत्री के गंगनानी गांव से सुझाव लेने की शुुरुआत की गई थी। किसान, युवा, सैनिक, महिला, उद्यमी सहित सभी वर्गों से सुझाव लिए जा रहे हैं। किसान नेता विनोद कुमार ने चीनी मिलों को बंद नहीं करने, सिंचाई में 80 फीसदी छूट, किसान गुरपाल सिंह ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू करने, किच्छा के किसान राघवेंद्र सिंह ने गन्ना किसानों को ड्रॉप सिंचाई में सब्सिडी, मंडी में सब्जी और फलों के दामों का निर्धारण मंडी द्वारा करने, गन्ना क्रय केंद्रों को कंप्यूटरीकृत करने, हर विभाग को एक गांव गोद लेकर विकसित करने, फुलसुंगा के जयप्रकाश ने टीडीसी की खस्ता हालत को सुधारने की बात कही।
शांतिपुरी के तारा सिंह कोरंगा ने कहा कि यूपी की तर्ज पर कर्ज माफी और वैज्ञानिकों को किसानों के बीच जाकर वैज्ञानिक ढंग से खेती करने की जानकारी, किसान नेता ठाकुर जगदीश सिंह ने हर न्याय पंचायत स्तर पर ड्रायर लगाने, ट्यूबवेल में बिजली की दरें कम करने, काशीपुर के टीका सिंह सैनी ने न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ सभी किसानों को मिलना सुनिश्चित करने, सरकारी क्रय केंद्रों से भुगतान की प्रक्रिया में तेजी, रुद्रपुर के जसविंदर सिंह खरबंदा ने शंकर मक्का की खेती को प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया।
दूसरे चरण में सितारगंज के उद्यमी सुरेश कुमार ने उद्योगों के लिए बिजली की दरों में रियायत, सिडकुल इंटरप्रीनियोर सोसायटी के संरक्षक अजय तिवारी ने पापुलर और यूकेलिप्टिस की खेती को उद्योगों की दृष्टि से बढ़ावा देने, अध्यक्ष मनोज त्यागी ने श्रमिकों को जागरूक करने की दिशा में कदम उठाने, आशुतोष शर्मा ने सर्वर ठीक होने तक ई-वे बिल को ट्रायल में ही रखने, श्रीकर सिन्हा ने ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा के विस्तार, रमेश मिंडा ने मंडी टैक्स खत्म करने, पंतनगर रनवे के चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाने का सुझाव दिया। इसके अलावा विश्वविद्यालय की शोध छात्रा रूपा ने फेलोशिप की राशि बढ़ाने, कृषि के क्षेत्र में नौकरी में इजाफा, शोध छात्र मनीष पंत ने सिंगल विंडो सिस्टम का सुझाव रखा। इस दौरान विधायक राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डीएम डॉ. नीरज खैरवाल, एसएसपी डॉ. सदानंद दाते सहित अनेक मौजूद रहे।
लेजर-शो से दुनिया देखेगी केदारनाथ का इतिहास
पंतनगर। सीएम ने ‘आपकी राय-आपका बजट’ कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ कहा कि नर्सरी एक्ट लागू करने की तैयारी की जा रही है। पंचेश्वर बांध दीर्घकालीन योजना है, लेकिन इसका प्रावधान कर दिया गया है। बांध बनने के बाद ढाई फीसदी पानी प्रदेश को मिलेगा। चंपावत का तराई के हिस्से और ऊधमसिंह नगर को पीने और सिंचाई के लिए ग्रेविटी में पानी मिलेगा। सीएम ने बताया कि छह महीने में केदारनाथ में 120 करोड़ खर्च किए गए हैं। मंदिर के कपाट खुलने की पहली शाम को लेजर शो के जरिए केदारनाथ का इतिहास, परंपरा को पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा। इसके लिए टीम केदारनाथ पहुंच चुकी है। कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने को बरसात के बाद इंटरनेशनल बिजनेस मीट प्रदेश में कराई जाएगी। वे खुद विदेशों में जाकर उद्योगपतियों को निमंत्रण देंगे। सर्विस सेंटर पर सरकार का विशेष फोकस है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार बनाती है, उसके सुझाव बजट में लेने चाहिए। इसी दृष्टि से यह कार्यक्रम किया गया है।
टीडीसी को वित्तीय मदद देने पर भरी हामी
रुद्रपुर। ‘आपकी राय-आपका बजट’ कार्यक्रम में टीडीसी की खस्ता हालत का मुद्दा उठा तो सीएम ने गंभीरता से लिया। किसान जयप्रकाश ने कहा कि वर्तमान में टीडीसी की हालत बेहद खराब हो गई है। इस पर सीएम ने टीडीसी के महाप्रबंधक का चार्ज देख रहे डीएम और विधायक राजेश शुक्ला से मंथन किया और टीडीसी की हालत सुधारने के लिए वित्तीय सहायता देने पर भी हामी भरी।
‘आपकी राय-आपका बजट’ कार्यक्रम खत्म होने के बाद सीएम त्रिवेंद्र विवि के प्रजनक बीज संसाधन संयंत्र में पहुंच गए। यहां उन्होंने डीएम डॉ. नीरज खैरवाल से टीडीसी की कमजोर हालत पर चर्चा की। किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि टीडीसी की हालत सुधारने के लिए वित्तीय मदद की जरूरत है। उन्होंने टीडीसी की हालत सुधारने के लिए टीडीसी के सेवानिवृत्त अफसरों को दोबारा बुलाने या उनसे राय लिए जाने का सुझाव भी दिया। इसके अलावा बिहार और यूपी में जो टीडीसी का बकाया है, वह भी वसूल किया जाना चाहिए। सीएम ने कहा कि टीडीसी की हालत सुधारने के लिए जो भी प्रयास करने होंगे, वे किए जाएंगे। वित्तीय सहायता देनी होगी तो वह भी दी जाएगी। उन्होंने डीएम से इस संबंध में जल्द ही बैठक बुलाने के निर्देश दिए।
‘अपनों’ पर विधायक शुक्ला का कटाक्ष
पंतनगर। टीडीसी के मुद्दे पर हुई चर्चा के बाद भाजपा नेताओं ने नजूल नीति को लेकर तारीफ की। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 50 वर्गमीटर जमीन पर काबिज गरीबों से शुल्क नहीं लेने का प्रावधान किया गया है। इस पर नेताओं ने कहा कि इसी को लेकर कार्यकर्ता आभार रैली निकाल रहे हैं। इस पर विधायक शुक्ला ने कहा कि आभार रैली के बहाने श्रेय लेने की होड़ मची है। इस पर जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा कि राजनीति में यह सब तो चलता रहता है। आखिरकार इसका श्रेय तो मुख्यमंत्री को ही जाता है। बता दें कि पिछले दिनों आभार रैली निकालने को लेकर जिलाध्यक्ष और रुद्रपुर विधायक के बीच रार देखने को मिली थी।
कार्यक्रम स्थल को लेकर उलझन में रहे विवि अधिकारी
रुद्रपुर। पंतनगर में मंगलवार को सीएम त्रिवेंद्र रावत मौजूद थे। इसके लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन जब सीएम यहां पहुंचे तो पंतनगर विवि के अधिकारियों में थोड़ा सामंजस्य का अभाव दिखा। ‘आपकी राय-आपका बजट’ कार्यक्रम के बाद सीएम को विवि के अधिकारियों के तय स्थलों पर जाना था, लेकिन विवि के अधिकारी तय समय से पहले ही सीएम को हल्दी स्थित प्रजनक बीज संसाधन संयंत्र ले गए। यहां सीएम को करीब 20 मिनट केंद्रीय मंत्री का इंतजार करना पड़ा, जबकि दोनों को साथ ही आना था। करीब 20 मिनट बाद केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह और कृषि मंत्री (उत्तराखंड) सुबोध उनियाल वहां पहुंचे। केंद्रीय कृषि मंत्री ने संयंत्र का गोदाम देखा और इसकी स्थिति की जानकारी ली। उनके इस वर्ष यूनिट को कितना लाभ हुआ के सवाल पर अधिकारी कागजों में जवाब खोजने लगे। इसी बीच एक वरिष्ठ अधिकारी ने जवाब दिया कि एक करोड़ 20 लाख का खर्च हुए हैं, जबकि चार करोड़ 20 लाख का फायदा हुआ है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री तराई भवन को रवाना हो गए।