गदरपुर। दुकान से घर लौट रहे स्कूटी सवार युवक को खनन सामग्री से लदे डंपर ने रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेजा है।
ग्राम मोतियापुरा बलखेड़ा नहर निवासी कमलजीत सिंह (22) पुत्र बलविंदर सिंह सकैनिया में लोहे के ग्रिल आदि बनाने की वर्कशाॅप चलाता था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह स्कूटी पर घर से दुकान जा रहा था। सकैनिया मसीत लिंक रोड पर ग्राम बरेलीनगर और सरोवरनगर के बीच सोलर प्लांट के पास अचानक सामने से खनन सामग्री लेकर सकैनिया की ओर जा रहे डंपर ने स्कूटी सवार कमलदीप को रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने शव को सीएचसी गदरपुर पहुंचाया। कमलजीत तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। उसका शव को देखकर पिता बलविंदर सिंह, मां मनजीत कौर, छोटी बहन सिमरन कौर और भाई करण सिंह बिलख पड़े। पुलिस ने शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भिजवाया है।