पंतनगर। साल के पहले दिन एक सड़क हादसे में एक युवक को अपनी जान गंवाना पड़ी। नववर्ष का जश्न मनाकर बेनी पंतनगर निवासी इरफान (23) पुत्र निसार अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। सिर पर लगी गंभीर चोट की वजह से उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक से आ रहे तीन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर किया गया है।
बुधवार रात आठ बजे स्टीवेंसन स्टेडियम के सामने बड़ा सड़क हादसा हो गया। नए साल पर जश्न मनाकर बाइक पर घर लौट रहे इरफान और नगला की ओर से आ रही बजाज पल्सर बाइक, जिस पर टिंकल (27) पुत्र राजकुमार निवासी डीटीसी कॉलोनी हल्दी और बाबू व सुभाष (28) पुत्र वीरपाल, दोनों निवासी हल्दी टीडी सवार थे, मधुमक्खी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के सामने आपस में टकरा गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वहां तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर भिजवाया। इलाज के दौरान इरफान की मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि तीनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। एसआई हेमसिंह हरड़िया ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल रुद्रपुर भेजा गया है।