पुताई करते समय दूसरी मंजिल से गिरा मजदूर, मौत
- फोटो : amar ujala
रुद्रपुर शहर के किच्छा बाईपास रोड स्थित एक कार शोरूम में पुताई करते समय मजदूर दूसरी मंजिल से गिर गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रामपुर के बिलासपुर निवासी 52 वर्षीय श्याम सुंदर मकानों में पुताई कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह काम की तलाश में लेबर अड्डे पर मौजूद थे। इसी दौरान किच्छा बाईपास रोड स्थित शोरूम का कर्मचारी उन्हें पुताई के काम के लिए अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि शोरूम में काम करते समय श्याम सुंदर दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद शोरूम के कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सीओ विभव सैनी ने बताया कि श्याम सुंदर के परिजनों से संपर्क हो गया है। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।
पुताई के दौरान करंट लगने से युवक झुलसा
काशीपुर में पुताई करते समय करंट लगने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह ग्राम फरक, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) निवासी अर्जुन सिंह गंगापुर में पुताई का काम कर रहा था। अचानक उसे करंट लग गया। साथियों ने बमुश्किल लकड़ी की मदद से उसे छुड़ाया। वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि वह कई दिनों से मजदूरी पर पुताई का कार्य कर रहा है।