बाजपुर में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूगोल, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र विषय की मंजूरी नहीं मिलने से नाराज अलग-अलग गुटों के छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अनशन स्थल पर छात्र अनुज की अचानक तबीयत खराब हो गई। छात्र को आनन-फानन में एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उसके स्थान पर छात्र संघ अध्यक्ष भूख हड़ताल पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों ने उच्च शिक्षा विभाग की अनदेखी पर आक्रोश जताते हुए नारेबाजी की।
पीजी कॉलेज गेट पर छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा के नेतृत्व में उत्कर्ष सिंह और अनुज भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वहीं छात्र नेता गुनगुन पवार गुट से रोहित, दीपक और शालिनी भूख हड़ताल पर बैठे हैं। मंगलवार को रोहित की हालत बिगड़ने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रोहित बुधवार शाम को फिर अनशन पर जाकर बैठ गए। बृहस्पतिवार को अनुज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह अनशन स्थल पर ही बेहोश हो गए। इस पर उसे आनन-फानन में एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अनशन स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि छात्रों की रोजाना हालत बिगड़ रही है लेकिन उच्च शिक्षा विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है। इधर प्राचार्य प्रो. बीके सिंह ने बृहस्पतिवार को एसडीएम ऋचा सिंह से मुलाकात की। प्राचार्य ने छात्रों के विषय पर चर्चा की। एसडीएम ने बताया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।