एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क पर खेल रही बच्ची को चपेट में ले लिया। यही नहीं बच्ची के पैर कुचलने के बाद चालक आराम से कार लेकर वहां से चलता बना। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रुद्रपुर के ओमेक्स सोसायटी में एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क पर खेल रही बच्ची को चपेट में ले लिया। यही नहीं बच्ची के पैर कुचलने के बाद चालक आराम से कार लेकर वहां से चलता बना। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। घटना में बच्ची के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
कार चालक एक व्यापारी का बेटा बताया जा रहा है। ओमेक्स सोसायटी के गंगेश बी निवासी अभिजीत दास ने पंतनगर थाने में दी तहरीर में कहा कि 13 मई की सायं उनकी बेटी आयुषी दास (6) अपनी सहेली के साथ ओमैक्स पार्क से घर की तरफ आ रही थी। इसी बीच पीछे से एक काले रंग की हुंडई क्रेटा कार संख्या यूके 06बीसी 5462 ने उनकी बेटी को टक्कर मार दी। इससे उनकी बेटी कार के पिछले टायर के नीचे आ गई थी। उसकी दोनों टांगों में फ्रैक्चर आ गया और वह बुरी तरह घायल हो गई है।
उनका कहना है कि यह कह पाना भी मुश्किल है कि उसकी टांगें पूरी तरह ठीक होंगी भी या नहीं। जब लोगों ने कार वाले को रोकने का प्रयास किया तो वह नहीं रुका और भाग गया। बताया कि यह कार मनीष छाबड़ा के नाम रजिस्टर है और कार उनका बेटा चला रहा था। सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकार्ड हुई है।
मामले में केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज संज्ञान में आई है और कार चालक को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी, यूएस नगर