रुद्रपुर। जिला मुख्यालय में एचआईवी संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिला अस्पताल के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। इस साल एक जनवरी से 31 अक्तूबर तक जिले में 67 नए लोग एचआईवी संक्रमित चिह्नित किए गए हैं। इनमें 54 पुरुष, छह महिलाएं और सात गर्भवतियां शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले अस्पताल में 780 मरीज इलाज कराने के लिए पंजीकृत हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमण के पीछे सबसे बड़े कारण नशे के इंजेक्शन का साझा इस्तेमाल और असुरक्षित शारीरिक संबंध हैं। कई युवा नशे के लिए एक ही सिरिंज का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे एक व्यक्ति का संक्रमण कई लोगों तक पहुंच रहा है। बिना सुरक्षा के बनाए गए यौन संबंध भी संक्रमण का बड़ा कारण बन रहे हैं। गर्भवतियों की समय पर जांच नहीं होने पर संक्रमण मां से बच्चे तक पहुंच सकता है। इसलिए गर्भवतियों की समय पर जांच बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि एचआईवी छूने, साथ खाने, साथ रहने या हाथ मिलाने से नहीं फैलता। इससे जुड़ी भ्रांतियों के कारण लोग जांच कराने से डरते हैं जो सबसे बड़ी गलती है। समय पर जांच और उपचार से संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।
गर्भवती मां से बच्चे को खतरा
एचआईवी संक्रमित गर्भवती से बच्चे को संक्रमण का खतरा रहता है। बिना इलाज के यह खतरा 15 से 45 प्रतिशत तक हो सकता है लेकिन समय पर दवा और देखभाल से खतरा 1-2 प्रतिशत से भी कम हो जाता है। इसलिए प्रसव के दौरान विशेष सावधानी बरती जाती है। डॉक्टर मां का वायरल लोड जांचते हैं। जरूरत पर सीजेरियन करते हैं और बच्चे को जन्म के बाद तुरंत दवा दी जाती है। मां के दूध से भी संक्रमण फैल सकता है,इसलिए डॉक्टर की सलाह पर बच्चे को मां के दूध नहीं दिया जाता है। समय पर जांच और इलाज से बच्चा पूरी तरह सुरक्षित रह सकता है।
क्या करें
हमेशा सुरक्षित शारीरिक संबंध बनाएं, कंडोम का इस्तेमाल करें।
नशे से दूर रहें, कभी भी दूसरों की सिरिंज का इस्तेमाल न करें।
गर्भवतियां समय पर एचआईवी जांच जरूर कराएं।
जांच पूरी तरह गोपनीय होती है इसलिए डरें नहीं।
क्या न करें
संक्रमित व्यक्ति से भेदभाव न करें।
बिना जांच वाले खून को न चढ़ाएं।
इस्तेमाल की हुई सिरिंज दोबारा काम में न लें।
लोग शर्म और डर के कारण जांच नहीं कराते। जांच गोपनीय है। संक्रमित व्यक्ति दवा नियमित ले तो सामान्य जीवन जी सकता है। जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। जिले में एचआईवी के मामले पिछले सालों की तुलना में तेजी से बढ़ रहे हैं। हर महीने औसतन 10 मरीज सामने आए हैं। -डॉ. ललित पंत, एचआईवी काउंसलर।
एचआईवी को लेकर डरने की नहीं जागरूक होने की जरूरत है। समय पर जांच और उपचार से संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है। हमारा प्रयास है कि हर व्यक्ति तक जांच और परामर्श की सुविधा पहुंचे।- डॉ. एसके गोस्वामी, सीएमओ।