रुद्रपुर। बाजपुर निवासी दलित युवक ने पुलिस पर हिरासत में अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विमल भारती उर्फ गोल्डी ने दावा किया कि उन्हें चौकी ले जाकर नग्न कर पीटा गया और चमड़े के जूते में पानी डालकर पिलाया गया। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस केवल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर गई थी। निष्पक्षता के लिए मामले की जांच दूसरे जिले के अधिकारी को सौंपी गई है।
बृहस्पतिवार को काशीपुर बाईपास स्थित सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विमल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। विमल भारती के अनुसार 11 नवंबर को उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बाजपुर पुलिस विभाग में एक ही स्थान पर चुनिंदा अधिकारियों की बार-बार तैनाती को लेकर तथ्यों सहित खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद प्रशासन ने उनके घर पर अतिक्रमण का नोटिस चस्पा किया और तोड़फोड़ की कार्रवाई की।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की ओर से उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस उन्हें चौकी ले गई जहां कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गई और अपमानजनक व्यवहार किया गया। विमल भारती का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक और विभिन्न आयोगों में शिकायत दर्ज कराई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
-
पुलिस की छवि धूमिल करने के लिए आरोप लगाए गए हैं। जिस व्यक्ति ने आरोप लगाए हैं, उस पर प्राथमिकी दर्ज की गई वह लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता के तहरीर पर हुई है। पुलिस मौके पर शांति व्यवस्था के लिए गई थी। मामले की जांच दूसरे जिले के अधिकारी कर रहे हैं।
विभव सैनी, सीओ बाजपुर