पिंड स्थल पर अवैध कब्जे के खिलाफ भाजपा और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध कब्जा करने वालों की ओर से न्यायालय का सहारा लेकर दो पूर्व सभासदों के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट को भी निरस्त करवाने की मांग की।
सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी को ज्ञापन भी सौंपा। कहा भूतबंगला में पुल के पास कई दशकों से एक भूखंड का उपयोग पिंड स्थल के रूप में किया जा रहा है। दूसरे समुदाय के कुछ लोग जबरन इस भूखंड पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
कब्जे की नियत से उक्त लोगों ने मौके पर टीनशेड आदि डालने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर कई लोगों के साथ पहुंचे पूर्व सभासद रामबाबू, विरमा कोली और आत्माराम के खिलाफ उक्त लोगों ने न्यायालय का सहारा लेकर रंगदारी मांगने व अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करवा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमे निरस्त करवाने की मांग की है।
प्रदर्शन में विधायक राजकुमार ठुकराल, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, सुभाष चतुर्वेदी, भारत भूषण चुघ,दिलीप अधिकारी, पिंटू पाल, राजेंद्र, विरमा कोली, कुंवरपाल कोली, कल्लू, राजेश ग्रोवर, राकेश पाल, अजय, गगन, रामसेवक, संजय ठुकराल, गौरव आहुजा सहित तमाम लोग थे।