रुद्रपुर में विधायक को ज्ञापन सौंपते दुकानदार।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे के दोनों किनारों पर कारोबार करने वाले दुकानदारों ने उजाड़े जाने के डर से शनिवार को विधायक राजकुमार ठुकराल को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। दुकानदारों ने कहा कि कोविड-19 के कारण कारोबार में काफी प्रभाव हुआ है। उन्होंने कहा कि रामपुर- काठगोदाम नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
इसके लिए दुकानदारों के कारोबार को उजाड़ा जा रहा है। अन्य शहरों में नेशनल हाईवे को शहर के बाहर से बाईपास बनाकर निकाला गया है लेकिन यहां शहर के अंदर से ही बाईपास बनाया जा रहा है। कहा कि यदि हमें उजाड़ा गया तो सैकड़ों परिवार भुखमरी की कगार पर आ जाएंगे। विधायक ने इस संबंध में प्रशासन से वार्ता कर हल निकालने का आश्वासन दिया है।
इससे पूर्व दुकानदारों ने अपनी मांग के समर्थन में प्रदर्शन भी किया। वहां प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष संजय जुनेजा, विक्की गांधी, सुमित यादव, सुनील गुप्ता, रवि कोहली, संतोष कुमार, रोहित कुमार, परवेज अहमद आदि थे। (संवाद)