रुद्रपुर। तीनपानी तिराहे हाईवे पार कर रहे एक व्यक्ति को ट्राला ने रौंद दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्राला शव को घसीटता हुआ 50 मीटर तक ले गया। इस बीच शव के कई टुकड़े हो गए।
लोगों के पीछा करने पर चालक ट्राला छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शव के टुकड़ों को समेटकर मोर्चरी रखवा दिया है और कपड़ों से उसकी शिनाख्त में जुटी है।
बृहस्पतिवार की रात किच्छा रोड पर तीनपानी तिराहे पर एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी बीच किच्छा की ओर से आ रहे बेकाबू ट्राले ने व्यक्ति को कुचल दिया। चालक ट्राला रोकने के बजाय शव को घसीटता ले गया। 50 मीटर तक घिसटने से शव के कई टुकड़े हो गए और मांस के लोथड़े व खून जगह-जगह बिखर गए।
इस दौरान लोगों ने ट्राले का पीछा किया तो भदईपुरा में अग्रसेन अस्पताल के पास चालक वाहन छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव के टुकड़े बटोरेने के साथ ही यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर पार्किंग में खड़ा करा दिया।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि शव के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। जिस जगह पर हादसा हुआ था, वहां भी लोगों से पूछताछ की गई। वाहन को सीज कर चालक की तलाश की जा रही है।