खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्षम व संसाधनयुक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पुलिस कर्मियों के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। कहा कि आपदा राहत कार्यों के लिए सरकार ने एसडीआरएफ की एक नई कंपनी की स्वीकृति प्रदान की है, जिसके तहत 162 नए पदों का सृजन किया गया है।
खटीमा में लोहियाहेड कैंप कार्यालय में सीएम ने कहा कि राज्य में पुलिसकर्मियों के लिए 150 करोड़ से अधिक की लागत से 380 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 42 करोड़ की लागत से पांच पुलिस थानों, दो पुलिस चौकियों, दो फायर स्टेशनों और तीन पुलिस लाइनों के प्रशासनिक भवनों का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। इनके अलावा हमने 2024-25 वित्तीय वर्ष में 58 करोड़ की धनराशि का प्रावधान भी किया है, जिसका उपयोग विभिन्न भवनों के निर्माण के लिए किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि पुलिस एक फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में 24 घंटे काम करती है, इसलिए पुलिस के रिस्पांस टाइम को बेहतर बनाने में वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने राज्य गठन के बाद पहली बार 1105 पुलिस वाहनों की खरीद को मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत 29 करोड़ की लागत से 223 वाहनों का क्रय भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पीएसी और आईआरबी के जवानों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ट्रकों के स्थान पर 73 बसों की खरीद की है। पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए पुलिस सैलरी पैकेज में 75 लाख से एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा प्रदान किया जा रहा है जिसके तहत अब तक 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, अब पुलिसकर्मियों के वेतन, भत्ते, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अवकाश से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आपदा राहत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने एसडीआरएफ की एक नई कंपनी की स्वीकृति प्रदान की है, जिसके तहत 162 नए पदों का सृजन किया गया है। साथ ही जवानों और अधिकारियों की कमी को दूर करने के लिए छह थानों और 21 पुलिस चौकियों के सुचारू संचालन के लिए 327 पदों की स्वीकृति भी प्रदान की है। साथ ही, पीपीएस के ढांचे में 11 नए पदों का भी सृजन किया गया है। इससे न केवल उत्तराखंड पुलिस परिवार का विस्तार होगा, बल्कि पुलिसकर्मियों को पदोन्नति के बेहतर अवसर भी प्राप्त हो सकेंगे।
इसी क्रम में उप निरीक्षक के 222 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, साथ ही 2000 सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। नई खेल नीति के तहत कुशल खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में विशेष कोटे के माध्यम से भर्तियों का प्रावधान भी किया है।
सीएम धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड कैंप कार्यालय में जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
दोपहर में सीएम धामी टनकपुर से लोहियाहेड कैंप कार्यालय पहुंचे जहां क्षेत्र की जनता ने उन्हें समस्याएं बताईं। विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने ज्ञापन सौंपकर हाईवे से लावारिस पशुओं को गोशाला भेजने की मांग की। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लावारिस पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं में लोग जान गवां रहे हैं। वहां प्रदीप सिंह ठाकुर, जितेंद्र, हिमांशु कन्याल आदि थे। इनके अलावा एएनएम की स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद पर पदोन्नति के लिए एएनएम ने शुक्रवार को सीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि कुमाऊं मंडल की सभी एएनएम की ओर प्रशिक्षण में जाने के लिए सहमति पत्र दिए गए थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने सिर्फ गढ़वाल मंडल की 30 एएनएम को ही पदोन्नति के लिए प्रशिक्षण के लिए बुलाया है। वहां पर दीपा जोशी, गंगा धामी, इंद्रा धामी, भगीरथी, दलजीत कौर, विनीता, बीना जोशी, विमला जोशी, कमला, लीला, जीवंती, ममता आदि थीं।