रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रमपुरा बस्ती में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर आए दो युवकों ने एक दिहाड़ी मजदूर से मारपीट कर दी। क्षेत्र निवासी दिनेश कोली ने आरोप लगाया कि गुरुवार दोपहर दो युवक उनके घर पहुंचे और खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए बकाया किश्त जमा करने का दबाव बनाने लगे।
दिनेश ने बताया कि उन्होंने किसी भी बैंक या फाइनेंस कंपनी से ऋण नहीं लिया है। इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और परिवार के सदस्यों से भी अभद्रता की।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।