खटीमा। मुख्य चौराहे से पहेनिया टोल प्लाजा तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य का जिला विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया।
पालिकाध्यक्ष जोशी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ शहर की सुंदरता को भी बढ़ाएगी। सड़क के चौड़ीकरण से जाम की समस्या में कमी आएगी जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक होगा। इस कार्य को शीघ्र शुरू करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके साथ ही टनकपुर मार्ग स्थित पुराने बस अड्डे का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य शॉपिंग मॉल के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे व शहर को एक आधुनिक पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में खटीमा क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश सरकार की ओर से जनहित को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं तेजी से धरातल पर उतारी जा रही हैं।