रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बृहस्पतिवार को भाजपा के मेयर प्रत्याशी विकास शर्मा और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो करेंगे। रोड शो में पंजाबी, पर्वतीय सहित विभिन्न संस्कृतियों की झलक भी दिखेगी।
बुधवार को सिटी क्लब में विधायक और कार्यक्रम संयोजक शिव अरोरा ने बताया कि गल्ला मंडी से सीएम का रोड शो शुरू होगा और मुख्य बाजार, डीडी चौक सहित विभिन्न जगहों से होकर ट्रांजिट कैंप फुटबाल मैदान में समापन होगा। रोड शो में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ठुकराल ने विकास शर्मा को समर्थन किया है। समर्थन हमेशा स्वागत योग्य होता है। वहां पर चुनाव प्रभारी दीपक मेहरा, चुनाव संयोजक और पूर्व मेयर रामपाल सिंह, दायित्वधारी विनय रोहेला, उत्तम दत्ता, मीडिया प्रभारी ललित मिगलानी मौजूद रहे।
चार बजकर पांच मिनट पर खत्म होगा रोड शो
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेलिकाप्टर से 2:40 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे कार से गल्ला मंडी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री चार बजकर पांच मिनट पर रोड शो खत्म होने पर कार से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद वे चार बजकर 25 मिनट पर हेलिकाप्टर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे। ब्यूरो