काशीपुर। शहर को जाम से निजात दिलाने और फुटपाथ पर कब्जा करने वाले फल-सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के लिए सीतापुर आंखों के अस्पताल के पास वेंडिंग जोन शुरू करने की तैयारी है। नगर निगम की ओर से कियोस्क आवंटन करने के लिए आवेदन प्रक्रिया गतिमान है। फल-सब्जी विक्रेताओं को लॉटरी के माध्यम से दुकानें आवंटित की जाएंगी।
वेंडिंग जोन में 52 कियोस्क बनाए हैं। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि वेंडिंग जोन शुरू होने से मुख्य बाजार में फल-सब्जी के फड़ से होने वाले अतिक्रमण से निजात मिलेगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी सुधरने के साथ विक्रेताओं को भी स्थायी जगह मिल सकेगी। वेंडिंग जोन में 56 में से एससी के लिए आठ, एसटी के लिए एक, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आठ और दिव्यांग के लिए 10 कियोस्क आरक्षित किए गए हैं।
इनसेट....
25 फीसदी राशि पहले करनी होगी जमा
वेंडर को कियोस्क की कुल लागत का 25 फीसदी आवंटन के एक सप्ताह के भीतर जमा करनी होगी। शेष धनराशि 36 मासिक किस्तों में किराये के साथ अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। प्रत्येक कियोस्क का मूल्य 33,2950 रुपये होगा। पहले एक साल तक किराया 1200 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रत्येक पांच वर्षों में 12.50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
कोट
दुकानदारों के लिए कियोस्क में लाइट, पेयजल, शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। पात्र फल-सब्जी विक्रेताओं को लॉटरी के माध्यम से नियमानुसार कियोस्क आवंटित किए जाएंगे। -दीपक बाली, मेयर