काशीपुर। डाक्टर के पास से दवा लेकर बाइक से लौट रहे एक दंपती को पिकअप ने टक्कर मार दी। दोनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम मानपुर दत्तराम, थाना भगतपुर जिला मुरादाबाद निवासी ललित कुमार (25) पुत्र बलवंत कुमार काशीपुर के खड़कपुर में अपनी पत्नी आरती (23) के साथ रहता था। शनिवार को ललित आरती को जसपुर में एक डॉक्टर के पास लेकर गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जसपुर रोड स्थित हल्दुआ साहू पेट्रोल पंप के पास काशीपुर से आ रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों को इलाज के लिए जसपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि ललित काशीपुर की सूर्या फैक्टरी में काम करता था। तीन साल पहले ही उसका विवाह आईटीआई क्षेत्र के हिम्मतपुर स्माइल निवासी आरती से हुआ था। ललित की दो बहनें हैं। पिता बलवंत का आरोप है कि पिकअप चालक ने लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चलाकर बाइक को टक्कर मारी, जिससे बेटे और बहू की मौत हो गई।
एसओ कुंडा अरविंद चौधरी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे के बाद चालक को पिकअप समेत कब्जे में ले लिया है।