रुद्रपुर। बीज प्रमाणीकरण संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने आवास विकास चौकी इंचार्ज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने चौकी इंचार्ज हरिनन्दन जोशी पर एक लाख रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। मीडिया को जारी बयान में बेहड़ ने कहा कि जोशी ने गत दिवस एक मेडिकल स्टोर में नशे का सामान बेचने के झूठे आरोप में दो युवकों को रातभर चौकी में रखा। बाद में एक लाख रुपए लेकर युवकों को छोड़ दिया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर जोशी ने बताया कि उन पर लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने किसी से कोई पैसे नहीं लिए हैं।