रुद्रपुर। जिला सहकारी बैंकके अध्यक्ष सुभाष बेहड़ ने कहा कि सहकारिता विभाग किसानों को लाभ पहुंचाने का काम कर रहा है। किसान बैंक के जरिए महज 100 रुपए देकर स्वयं का बीमा करा सकते हैं।
विकास भवन सभागार में सोमवार को सहकारिता विभाग की बैठक में बेहड़ ने कहा कि किसान का काम काफी मेहनत भरा है। इसके बावजूद उसे तमाम दिक्कतों से जूझना पड़ता है। खेतों में काम करते समय कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। मगर गरीब किसान समय रहते उचित इलाज नहीं करा पाते। इससे खेती प्रभावित होती है। ऐसे में सहकारी बैंक ने 100 रुपए में बीमा कराने की सुविधा शुरू की है। जिला सहायक निबंधक मंगला प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि समितियां बकाया धनराशि पर विशेष ध्यान दें। जिससे कि किसानों को समय पर खाद, बीज उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इस बात का भी ख्याल रखा जाए कि किसानों को किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने समितियों के माध्यम से भी बीमा योजना की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वहां बैंक महाप्रबंधक सीके कमल, एडीसीओ मोती सिंह चुफाल, डीएस नपलच्याल, प्रमोद कुमार, दिनेश विश्नोई, बृजेश कुमार, जितेंद्र शर्मा, अशोक गावड़ी, फूल सिंह चौहान, परशुराम अरोरा, मनोज चौधरी, अशोक तिवारी आदि थे।