खटीमा। हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 अक्तूबर को नामांकन होंगे और एक नवंबर को मतदान होगा। विद्यालय प्रशासन ने चुनाव संपन्न कराने की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. केबी श्रीवास्तव ने पुलिस क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षण को पत्र सौंपकर छात्रसंघ चुनाव के लिए 29 को नामांकन और एक नवंबर को मतदान कराने की सूचना दी है। चुनाव अधिकारी श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद 20 अक्तूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी और उसी दिन से आचार संहिता लागू हो जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्तूबर प्रात: 10 बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन, 30 को नाम वापसी एवं नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। एक नवंबर को मतदान के बाद देर सायं तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।