रुद्रपुर। राजकीय विद्यालयों में चल रही छमाही परीक्षा में कक्षा-नौ विज्ञान के प्रश्नपत्र में कक्षा-10 के भी कुछ प्रश्न शामिल कर दिए गए। जिन्हें हल करने में आई दिक्कत के बाद बच्चों ने इसकी शिकायत अध्यापकों से की। सूचना पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रधानाचार्यों को प्रश्न बदलकर कोर्स के अंदर के ही प्रश्न शामिल करने के निर्देश दिए। बुधवार को कक्षा-9 के विज्ञान वर्ग की परीक्षा थी। परीक्षा में बांटे गए प्रश्नपत्रों में कुछ प्रश्न कक्षा-10 के भी शामिल कर दिए गए। इससे बच्चों को प्रश्नों को हल करने में दिक्कत आने लगी। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना मुख्य शिक्षा अधिकारी को दे दी। सीईओ मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रश्नपत्र में शामिल कक्षा-10 के बजाय कक्षा-9 के प्रश्न शामिल करने के निर्देश दिए। सीईओ डा. नीता तिवारी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। कक्षा-10 के प्रश्नों को संशोधित कर कक्षा-9 के ही प्रश्न शामिल कर दिए गए थे।