रुद्रपुर। कांग्रेसी पार्षदों की बैठक में नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। मेयर के खिलाफ लामंबद कांग्रेसी पार्षदों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी मिलने का निर्णय किया है। सोमवार को कांग्रेसी पार्षदों की बैठक आवास विकास स्थित एक होटल में हुई। वक्ताओं ने कहा कि निगम क्षेत्र में घटिया किस्म की एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। अधिकांश लाइटें दो महीने में ही खराब हो गईं। ठेकों और एलईडी लाइटों के आवंटन में लाखों रुपए का घोटाला किया गया है। निगम में विपक्ष के पार्षद ललित मिगलानी ने कहा कि ठेके देने के बावजूद निगम की क्रेन गाड़ी लाइटों को लगाने और उतारने का काम कर रही है। खराब होने पर ठेकेदार के बजाय निगम कर्मी ही एलईडी लाइटों को दुरुस्त करने में लगे रहते हैं। निगम की मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। पार्षदों ने कहा कि नगर निगम भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा बन गया है। बैठक में पार्षदों ने तय किया कि पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर निगम में अब तक कराए गए कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेगा। इस मौके पर गौरव खुराना, मोनू निषाद, सुमित छाबड़ा, विकास मलिक, हाजी वाहिद खां, सुनील आर्य, ललित पांडेय, परिमल राय आदि पार्षद मौजूद थे।