रुद्रपुर। बगैर पर्ची सिलेंडर न देने पर युवक दबंगई पर उतर आए। उन्होंने गैस गोदाम में तैनात कर्मचारियों पर हमला बोल दिया और तमंचे की बट से पीटकर अधमरा कर दिया। शोर-शराबा होने पर हमलावर देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस के मुताबिक रामपुर रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के गोदाम में रविवार की शाम आधा दर्जन युवक पहुंचे। उन्होंने एजेंसी में मौजूद कर्मचारी नरेंद्र निवासी किच्छा से गैस सिलेंडर देने को कहा। जब नरेंद्र ने युवकों से गैस की पर्ची और रुपए मांगे तो उन्होंने गालीगलौज कर दी। विरोध करने पर उन्होंने नरेंद्र की पिटाई शुरू कर दी। शोर मचने पर एजेंसी कर्मी शिवनगर निवासी कमल और रंपुरा निवासी भूप सिंह भी पहुंच गए। वे बीच-बचाव करने लगे तो हमलावरों ने उनसे भी मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने तमंचों की बट से उन पर ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे तीनों चोटिल हो गए। शोरशराबा मचने पर हमलावर देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में तीनों घायल कोतवाली पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर सौंपी। एसएसआई विक्रम राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।