रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में वैन चालक की हत्या कर 15 लाख रुपए की लूट का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी। पुलिस की विशेष टीमें यूपी के कई जनपदों में खाक छान रही हैं। बीते मंगलवार की दोपहर सिक्योरिटी ट्रांस प्रालि (एसआईपीएल) की वैन दिनेशपुर रोड पर अशोका लीलेंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में 15 लाख रुपए डालने आई थी। एटीएम के बाहर कस्टोडियन प्रदीप कुमार 15 लाख रुपए बैग में लेकर बाहर निकला, तभी नीले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने वैन पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे चालक मनोज की मौत हो गई थी। इस दौरान बदमाश कस्टोडियन प्रदीप के हाथों से नोटों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। मामले के खुलासे को पुलिस और एसओजी की टीमों ने प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। डीजीपी ने बदमाशों की सटीक जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए देने की घोषणा कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लूट के खुलासे को पुलिस और एसओजी की टीमें यूपी के बरेली, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद में डेरा डाले हुए हैं। एएसपी टीडी वैला ने बताया कि कई बिंदुओं को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस काम कर रही है। शीघ्र ही आरोपी शिकंज में होंगे।