रुद्रपुर। शिवनगर निवासी बसपा के सक्रिय कार्यकर्ता पर तेजाब फेंकने के आरोपी अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिवनगर नई बस्ती निवासी राजू राजभर गांधी पार्क में चाय और समोसे की ठेली लगाता है। बुधवार की देर रात वह ठेली बंद कर घर को जा रहा था। इसी बीच रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और तेजाब फेंक दिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। आनन फानन में परिजनों ने राजू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे निजी अस्पताल में रेफर कर दिया है। इधर शुक्रवार को राजू राजभर के पुत्र अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ तेजाब फेंकने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बाइक सवारों की तलाश कर रही है।