नानकमत्ता। ट्रक की चपेट में आकर बालिका की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद मौके से फरार ट्रक को प्रतापपुर पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं दूसरी दुर्घटना में नियंत्रण खो देने से कार सड़क किनारे खोखे में जा घुसी। जिससे खोखा स्वामी व छात्र घायल हो गए। समाचार लिखे जाने तक दोनों दुर्घटनाओं में समझौते के प्रयास जारी थे।
बुधवार को बंगाली कालोनी निवासी आठ वर्षीय शिवानी पुत्री पप्पू माली ताज पैलेस के समीप सड़क किनारे बच्चों के संग खेल रही थी। सितारगंज से खटीमा की तरफ आटे से जा रहे ट्रक (संख्या यूए06-1850) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बालिका बुरी तरह घायल हो गई। परिजन व पड़ोसी उसे लेकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। लेकिन उपचार शुरू होने से पूर्व ही बालिका ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना कर भाग रहे ट्रक चालक बाबू राम निवासी टनकपुर को प्रतापपुर पुलिस ने ट्रक सहित अपनी हिरासत में ले लिया।
इधर एक अन्य दुर्घटना में खटीमा से सितारगंज जा रही कार (संख्या यूके06एम-6936) चालक के नियंत्रण खो देने से सड़क किनारे पान के खोखे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि खोखा पलटकर पास स्कूटी पर गिर गया। इससे खोखा व स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि खोखा स्वामी रमेश राणा पुत्र फूलचंद व समान ले रहा बिगराबाग खटीमा निवासी खीमाजोशी मेमोरियल इंटर कालेज का छात्र बालकिशन पुत्र दीप सिंह घायल हो गए। जिनका निजी अस्पताल में इलाज कराया गया।