जसपुर। अज्ञात वाहन से कुचलकर गुलदार के एक शावक की मौत हो गई। वन अधिकारियों ने गुलदार के शावक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद जला दिया गया। शावक की मौत को क्षेत्रवासी आदमखोर बाघिन के आने की दस्तक मानकर भयभीत हैं।
राज्य की सीमा से सटे यूपी में भोजन की तलाश में आए गुलदार के शावक की राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर अज्ञात वाहन से कुचल कर मौत हो गयी। ग्रामीणों ने यह सूचना अमानगढ़ वन रेंज के वन्य अधिकारियों को दी। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर शावक के शव को कब्जे में ले लिया। धामपुर वन रेंज (बिजनौर) के वन अधिकारी प्रताप सिंह एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में पशु चिकित्सा अधिकारी कासमपुर गढ़ी ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पशु चिकित्साधिकारी डा. आरके सिंह ने बताया कि मृत शावक नर था। उसकी आयु लगभग 5 माह रही होगी। बाद में पीली बांध जलाशय के निकट शावक को जला दिया।
उधर घनी आबादी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शावक कुचल कर मरने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आशंका है कि आदमखोर बाघिन भी फिर से इस क्षेत्र में पहुंच गयी होगी। क्षेत्रवासी गन्ने के खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीती 10 जनवरी को ग्राम मानियावाला निवासी शिवकुमार को गन्ने की छिलाई करते समय खेत में छिपी बैठी आदमखोर बाघिन ने अपना शिकार बना लिया था।