दिनेशपुर। चोरों ने एक मोबाइल शॉप में सेंधमारी कर 18 हजार की नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने थाना घेरकर हंगामा भी किया। जल्द खुलासे के आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए।
दिनशेपुर स्थित पायल कम्यूनिकेशन में शुक्रवार की रात चोर छत की टिन तोड़कर घुसे । चोरों ने गल्ले का ताला तोड़कर18 हजार की नकदी, मोबाइल रीचार्ज कूपन और ऐसेसरीज चोरी कर ली। शनिवार सुबह जब मालिक दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी का पता चला। चोरी का पता चलते ही आसपास के व्यापारी वहां जमा हो गए। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना के तुरंत बाद भी जब पुलिस नहीं पहुंची तो व्यापारियोें का गुस्सा और भड़क गया। वे सीधे थाने जा पहुंचे। थाने का घिराव करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। देवभूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष डा. कुलवंत सिंह के अनुसार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पा रही। हंगामा करने वालों में रमेश गुगलानी, डा0 बलवंत सिंह, सुनील पाहवाह, विकास अरोरा, नरेश अग्रवाल, सतीश राजपाल, मनोज कुमार, राजू बठला और बिट्टू अरोरा, आदि थे।