रुद्रपुर। रुद्रपुर डिपो से एसी बसों की टिकट बुकिंग सुविधा परवान नहीं चढ़ पाई है। यात्रियाें को मजबूर होकर टिकटों की बुकिंग कराने के लिए हल्द्वानी का रुख करना पड़ रहा है।
सिडकुल बनने के बाद रुद्रपुर शहर में रोजगार की तलाश में बाहरी राज्यों के हजारों लोग यहां आकर बस गए। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज ने भी बसों की संख्या बढ़ा दी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मांग पर निगम ने यात्रियों की सहूलियत के लिए रुद्रपुर डिपो से एसी बसों की टिकट बुकिंग सुविधा शुरू की थी। इसके तहत डिपो से दिल्ली, हरियाणा, देहरादून, चंडीगढ़ रूट की एसी बसों के प्रतिदिन 20 टिकट बुकिंग की सुविधा दी गई। कुछ महीने तो यह सुविधा चली, बाद में निगम की लापरवाही के चलते एसी बसों की टिकट बुकिंग बंद हो गई। अब यात्रियाें को एसी टिकट की बुकिंग के लिए हल्द्वानी की ओर रुख करना पड़ रहा है। डिपो के एआरएम केपी सिंह ने बताया कि एसी बसों के 20 टिकट रुद्रपुर डिपो से बुकिंग होने की जानकारी उन्हें नहीं है। उनके स्तर से उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय को यात्रियों की मांग पर डिपो से एसी बसों के संचालन को लिखा गया है।