चकरपुर। चोरों ने मुख्य बाजार स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर टार्च, रिचार्ज कूपन सहित कास्मेटिक्स सामान उड़ा लिया। दो माह पूर्व भी चोरों ने इसी दुकान से हजारों का सामान पार किया था। पूर्व में हुई चोरी का खुलासा न होने से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश उपाध्याय ने चोरियों का खुलासा करने की मांग की है।
राजू जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी, कास्मेटिक्स का सामान, टार्च, रिचार्ज कूपन सहित 30 हजार का सामान पार कर दिया। प्रतिष्ठान स्वामी राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि दो माह पूर्व भी उसकी दुकान से चोरी हुई थी। पीड़ित ने चकरपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इधर क्षेत्र में हो रही चोरियों पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में हुई चोरियों का खुलासा न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चोरियों का पर्दाफाश करने की मांग की है।