काशीपुर। परिजनों के रोजाना शराब पीकर घर आने पर फटकार लगाने से खफा एक युवक ने नहर में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृहस्पतिवार रात ग्राम खड़कपुर निवासी नवाब (22) पुत्र हाफिज घर में शराब पीकर पहुंचा और उत्पात मचाने लगा। परिजनों ने रोज-रोज शराब पीकर घर आने पर उसे जमकर फटकार लगाई। उसे माता-पिता की फटकार इतनी बुरी लगी कि वह घर से चल दिया, फिर आरकेपुरम कालोनी के सामने महादेव नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे रातभर ढूंढते रहे, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। शुक्रवार दुपहर नहर में उसका शव तैरता हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई अमर शर्मा ने बताया हाफिज ने पूछताछ में बताया कि उसका लड़का नवाब आईजीएल में दैनिक मजदूरी में ठेकेदार के पास काम करता था। उसकी आदत शराब पीने की थी और परिजनों से झगड़ा करता था। बृहस्पतिवार को भी वह शराब पीकर उत्पात मचाने लगा तो उन्होंने फटकार लगाई। उन्होंने शव की शिनाख्त नवाब के रूप में की।