काशीपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 जैतपुर तिराहा पर एलपीजी से भरा एक कैप्सूल (ट्रक) खाई में पलट गया। उधर गैस लीक होने की खबर से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल क्षेत्र को यातायात के लिए जीरो जोन घोषित कर तीनों मार्ग का यातायात रोक दिया गया। बॉटलिंग प्लांट सुल्तानपुर पट्टी से पहुंची टीम दो घंटे की मशक्कत के बाद लीकेज बंद करने में कामयाब रही।
शनिवार की सुबह लोनी गाजियाबाद से एलपीजी लेकर एक कैप्सूल बॉटलिंग प्लांट सुल्तानपुर पट्टी जा रहा था। शहीद अमित नेगी तिराहा (जैतपुर मोड़) पर सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में कैप्सूल सड़क किनारे खाई में पलट गया। चालक ने तत्काल आईटीआई पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मोहम्मद अकरम तथा कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी संजय कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। कैप्सूल से गैस लीक होते देख पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने इधर काशीपुर से आने वाले वाहन कुंडेश्वरी तथा रुद्रपुर से आने वाहनों को काफी दूरी पर रोककर इस क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर दिया।
पुलिस ने तत्काल बॉटलिंग प्लांट सुल्तानपुर पट्टी को सूचना देकर लीकेज बंद कराने के लिए टीम भेजने को कहा। प्लांट के डिप्टी मैनेजर चंदन कुमार के नेतृत्व में आधा दर्जन मैकेनिकों की टीम ने दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद लीकेज को बंद करने में कामयाबी पाई। लीकेज बंद होने पर पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।