सितारगंज। बिज्टी गांव के कृषकों ने भूमि सर्वेक्षण में धांधली का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी का घिराव किया। उन्होंने कहा बंदोबस्त विभाग द्वारा व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए दो से ढाई एकड़ के करीब 90 किसानों की उपजाऊ भूमि के नंबरों में फेरबदल कर उन्हें नदी किनारे दर्शाया गया है, इससे पुराने भूमिधरी अधिकारों का हनन हो रहा है।
शुक्रवार को किसानों ने एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी दुम्का का घिराव कर ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि पूर्व में बंदोबस्त विभाग द्वारा सर्वेक्षण अभियान चलाया गया था, जिसकी किसानों को विभाग द्वारा सर्वे पर्चियां उपलब्ध कराई गई। आरोप लगाया बंदोबस्त विभाग के कर्मचारियों ने एक व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए कृषकों को सूचना दिए बगैर पर्चियों में संशोधन कर दिया। उपजाऊ भूमि के नंबरों में फेरबदल होने से किसानों की जमीन नदियों एवं भू-कटाव क्षेत्र में आ गई है। कहा कि इससे पूर्व सहायक अभिलेख अधिकारी खटीमा को भूमि के नंबरों में फेरबदल की सूचना दी, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि भूमि सर्वेक्षण में धांधली से दो व ढाई एकड़ जमीन वाले करीब 90 किसान प्रभावित हुए हैं। एसडीएम ने बंदोबस्त नायब तहसीलदार ललिता प्रसाद को बुलाकर मामले की जानकारी ली। नायब तहसीलदार ने बताया पर्चियों में संशोधन के मामला तीन वर्ष पुराना है। एसडीएम ने कहा पुन: भूमि सर्वेक्षण अभियान चलाया जाए। घिराव करने वालों में साहब सिंह, महेंद्र सिंह, शांति लाल, गुरमेज सिंह, हरदयाल सिंह, दर्शन सिंह, इंद्रराज सिंह, नारायण सिंह, बाज सिंह, प्यारा सिंह, दलजीत सिंह आदि थे।