रुद्रपुर। अघोषित बिजली कटौती के विरोध में अनशन पर बैठे क्षेत्रीय विधायक के समर्थन में मुख्य बाजार, निजी स्कूल व दफ्तर बंद रहे। बाद में कटौती शेड्यूल मिलने और समस्याओं के हल के आश्वासन पर विधायक और उनके समर्थकों ने अनशन खत्म कर दिया।
बिजली कटौती समाप्त करने की मांग को लेकर चार दिन पहले विधायक राजकुमार ठुकराल समर्थकों के साथ अनशन पर बैठ गए थे। उनके समर्थन में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने मंगलवार को बाजार बंद का आह्वान किया था। इसी के तहत व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बाजार, निजी स्कूल व दफ्तर आदि बंद करवा दिए। बंद का मेन बाजार में सर्वाधिक असर देखने को मिला। जबकि इसके आसपास की दुकानें खुली रही। इस बीच दफ्तर और बाजार बंद कराने को लेकर व्यापारियों की पुलिस से झड़प भी हुई। आंदोलन तेज होने की सूचना पर सरकार भी सकते में आ गई। जिले के प्रभारी मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी से फोन से वार्ता कर ठुकराल से आंदोलन समाप्त करने को कहा। दिन में अनशन स्थल पर पहुंचे सीडीओ धीराज गर्ब्याल, एसडीएम ईला गिरी, डीजीएम विद्युत नीरज कुमार, सीओ पंकज भट्ट ने कार्पोरेशन द्वारा जारी रोस्टिंग शेडयूल पत्र विधायक ठुकराल को सौंपा। डीजीएम ने बिना किसी भेदभाव के आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। साथ ही ईई ने शेडयूल के अतिरिक्त किसी कटौती एवं फाल्ट की दशा में रजिस्टर में कटौती अंकित कर प्रकाशन कराने का लिखित आश्वासन दिया। इस पर बच्चों जय ठुकराल व खुशबू यादव ने जूस पिलाकर विधायक के साथ ही समर्थकों का अनशन समाप्त करवाया। दोपहर बाद बाजार भी धीरे-धीरे खुलने शुरू हो गए। इस मौके पर खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश परिहार, अनिल अरोरा, वेद ठुकराल, अशोक यादव, नरेंद्र अरोरा, चंद्रसेन कोली, किन्नू शुक्ला, केके दास, ठाकुर रामा देवी, ओमवती चौहान, उत्पल दीक्षित, अनिल अग्रवाल, विकास चावला आदि मौजूद थे।