रुद्रपुर। तराई में पड़ी झमाझम बरसात से सड़के पानी से भर गई। इससे वाहनों के साथ ही पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा वहीं किसानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। बुधवार को सुबह से ही आसमान में मानसूनी घने बादल छाए रहे। दोपहर में मूसलाधार बरसात से मुख्य बाजार समेत कई स्थानों पर नदी नाले लबालब भर गए और सड़कों पर कई फिट पानी भर गया। इससे पैदल चलने वालों के साथ ही वाहनों चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं किसानों के चेहरे खुशी से खिले तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। पंत विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एचएस कुशवाहा ने बताया कि अधिकतम तापमान 28.4, न्यूनतम 25.3 डिग्री, आर्द्रता सुबह के समय 93, दोपहर बाद 83 प्रतिशत रही। हवा की गति 3.9 किलोमीटर प्रति घंटा के साथ ही 60 एमएम बरसात दर्ज की गई। उन्होंने अगले चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान 28.0, न्यूनतम 26.2 डिग्री रहने के साथ ही मैदानी क्षेत्र में 30 एमएम और पर्वतीय क्षेत्र में 40 एमएम बरसात की संभावना जताई।