खटीमा। उत्तराखंड डेयरी फेडरेशन के नवनियुक्त चेयरमैन अर्जुन सिंह रौतेला ने कहा श्वेत क्रांति के क्षेत्र में ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, यह तभी संभव है जबकि उत्पादक एवं कर्मचारी एक दूसरे की भावना समझ कर एक उद्देश्य के लिए आगे बढ़े। उन्होंने 25 लाख की लागत से रुद्रपुर में चिलिंग प्लांट एवं खटीमा में 50 लाख की स्टीम्ड मिल्क एमएमजी लगाने की घोषणा की।
ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पाद सहकारी संघ प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डेयरी फेडरेशन के चेयरमैन रौतेला को स्मृति चिह्न दिया गया। उन्होंने ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ बोर्ड एवं दुग्ध संघ कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बोर्ड और कर्मचारियों, अधिकारियों की मांग पर रुद्रपुर में चिलिंग प्लांट एवं खटीमा में दूध के स्टाक के गोदाम सहित प्लांट के लिए न्यूक्लियर ड्रग स्ट्रीम के प्रस्ताव सरकार को भेजने की बात कही। उन्होंने दुग्ध संघ अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, उनके बोर्ड एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनसे श्वेत क्रांति के क्षेत्र में और अधिक सराहनीय कार्य की अपेक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं पर भी चर्चा की। कार्यक्रम अध्यक्ष दुग्ध संघ अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने फेडरेशन अध्यक्ष रौतेला के समक्ष विकास खंड संबंधी मुद्दे उठाए। प्रधान प्रबंधक डा. मोहन चंद ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर साहब सिंह, संजय राय, भुवन बिष्ट, किशन बिष्ट, जसवीर चौहान, अनिल सिंह, दयाकिशन, लालराम, कैलाश मनराल, हरीश चंद्र, एनडी शर्मा, इंद्रपाल आदि मौजूद थे। संचालन एमएम पंत ने किया।