काशीपुर। घरेलू गैस कनेक्शन के सत्यापन का काम उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। भीषण गर्मी में लाइन में लगे कनेक्शन धारकों को एजेंसी में पंखे, कूलर से लेकर पीने का पानी तक मुहैया नहीं होने से खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इन दिनों घरेलू गैस कनेक्शन के सत्यापन का काम चल रहा है। 31 जुलाई के बाद सत्यापन नहीं कराने वालों के कनेक्शन कंपनियों द्वारा ब्लाक कर दिए जाएंगे। ऐसे में उपभोक्ता एजेंसी तो पहुंच रहे हैं लेकिन भीषण गर्मी में एजेंसी में पंखे, कूलर से लेकर पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से वह परेशान हो रहे हैं। पंखे हैं भी तो बिजली कटौती के कारण दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक अनुमान के मुताबिक एजेंसियों में रोज चार से पांच सौ लोग सत्यापन के कागज जमा कराने पहुंच रहे हैं। ऐसे में लाइन में लगने के बावजूद घंटों में नंबर आ रहा है। कई उपभोक्ता तो ऐसे भी हैं जो बकायदा दफ्तर से छुट्टी लेकर कनेक्शन ब्लाक होने के झंझट से बचना चाहते हैं।
एजेंसी में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था होनी चाहिए, इसके लिए पूर्ति विभाग के अधिकारियों को एजेंसियों में पंखे, पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएंगे।
-जगदीश लाल, एसडीएम