सितारगंज। गैस वेल्डिंग की कार्बाइड टंकी फटने से बाजार में हड़कंप मच गया। टंकी के आसपास दुकानदार या किसी अन्य के न होने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अलबत्ता टंकी फटने से हुए धमाके से पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
हुआं यूं कि शहर के बीचोंबीच कोतवाली गेट के पास ही जगदीश साइकिल स्टोर है। साइकिल मिस्त्री जगदीश कुमार ने दुकान के बराबर में खाली स्थान पर गैस वेल्डिंग स्थापित कर रखी है। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे कार्बाइड टंकी धमाके के साथ करीब 50 फिट ऊंची उड़ गई और टंकी के परखच्चे उड़ गए। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि कार्बाइड गैस वेल्डिंग सेफ्टी बाल के माध्यम से चलाई जाती है। कार्बाइड टंकी को सेफ्टी बाल से न जोड़कर सीधे ऑक्सीजन के माध्यम से चलाने पर टंकी फटने का भय रहता है। यही कारण रहा कि आज साइकिल मिस्त्री की दुकान पर गैस वेल्डिंग की कार्बाइड टंकी फटी है।