रुद्रपुर। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में विभिन्न गलियों में करीब 25 पक्के अतिक्रमणों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। कुछ अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अतिक्रमण तोड़ने के लिए टीम से मोहलत मांगी, लेकिन प्रशासन ने कोई रियायत नहीं दी।
अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन की टीम ने सिब्बल सिनेमा मार्ग से अभियान शुरू किया। टीम ने गोल मार्केट, गुरुद्वारा और पांच मंदिर के आसपास की विभिन्न गलियों में सड़क पर बनाई बाउंड्री और छज्जों को ध्वस्त कराया गया।
टीम ने फुटपाथ पर लगाए गए दरवाजों को भी उखाड़ दिया। संयुक्त टीम ने विभिन्न गलियों का निरीक्षण कर अतिक्रमण तोड़ने में लापरवाही करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
टीम में तहसीलदार अमृता शर्मा, नगर निगम के अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा, कर अधीक्षक महेश पाठक, कर निरीक्षक बीसी रेखाड़ी, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई नायक गौतम सिंह आदि थे।