काशीपुर। ऊर्जा निगम के सर्किल कार्यालय के निर्माण के लिए यूपीसीएल एमडी के निर्देश पर देहरादून की सर्वे टीम और हल्द्वानी की टीम ने ईई कार्यालय का निरीक्षण किया। साथ ही बाजपुर बिजली घर में बने आवासों की मरम्मत करने के लिए भवनों की स्थिति का जायजा लिया।
उपभोक्ताओं को बिजली के बिल, मीटर लगवाने, दुर्घटनाओं से संबधित विभिन्न समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए मानपुर बिजली घर नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए विभाग ने अधीक्षण अभियंता का सर्किल ऑफिस बाजपुर रोड स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय के भवन के ऊपर बनाने का फैसला लिया है। इससे उपभोक्ताओं का समय भी बर्बाद नहीं होगा। अभी तक मानपुर बिजली घर के पास अधीक्षण अभियंता कार्यालय बना है। लोगों को अपनी समस्याओं से अवगत कराने के लिए चार से पांच किलोमीटर दूर मानपुर जाना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्र के कई उपभोक्तओं को तो कार्यालय का पता तक नहीं है। रविवार को बाजपुर रोड स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय के ऊपर ही यूपीसीएल का सर्किल ऑफिस बनाने के लिए हल्द्वानी के ईई सिविल मो. सलीम ने अधीक्षण अभियंता एमआर आर्य और ईई विवेक कांडपाल के साथ निरीक्षण किया। तीन दिन पूर्व रुद्रपुुर से देहरादून जाते समय यूपीसीएल के एमडी ने कार्यालय और बिजली घर का निरीक्षण किया था। देहरादून की सर्वे टीम ने मौके पहुंचकर सर्किल ऑफिस बनने वाले स्थान की मशीनों से पैमाइश की। ईई मो. सलीम ले बताया कि एमडी के निर्देश पर ईई कार्यालय के भवन के ऊपर सर्किल कार्यालय बनाया जाना है। जिसका सर्वे किया जा चुका है। सर्वे टीम भूमि की रिपोर्ट तैयार कर सौंपेगी। निर्माण करीब एक महीने बाद शुरू होने की उम्मीद है।