रुद्रपुर। किसानों की आय में बढ़ोतरी के लिए कृषि विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए बुधवार को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में जिले के समस्त पशु चिकित्साधिकारियों की बैठक ली गई।
बैठक में पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. केके जोशी ने बताया कि नीति आयोग की ओर से 115 इंस्पाइरेंशनल डिस्ट्रिक्ट में उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले भी चयनित हैं। चयनित जिलों में कृषि और रेखीय विभागों की ओर से कृषि कल्याण अभियान के तहत पालतू पशुओं में शत प्रतिशत खुरपका, मुंहपका और पीपीआर टीकाकरण होना है।
साथ ही हर गांव में 100 गायों में स्वदेशी नस्ल से कृत्रिम गर्भाधान और 52 गायों में सेक्स सोरटेड सीमन होना है जिससे 90 प्रतिशत बछिया ही पैदा होगी और पशुपालक किसानों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि यूएसनगर में शत प्रतिशत टीकाकरण हुआ है लेकिन कृत्रिम गर्भाधान की गति धीमी है। इसमें तेजी लाने के निर्देश डाक्टरों को दिए गए हैं। इस दौरान डा. केके जोशी ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
बैठक में डॉ. एसएस नयाल, मुख्य अधिशासी अधिकारी यूएलडीबी देहरादून, डॉ. पीसी कांडपाल, अपर निदेशक, कुमाऊं मंडल नैनीताल, मुख्य पश ुचिकित्साधिकारी डॉ. जीएस धामी सहित समस्त पश ुचिकित्साधिकारी मौजूद थे।