गूलरभोज। बौर जलाशय में मंगलवार को कुछ लोगों ने पैराशूट लैंडिंग की। जलाशय प्रभारी वीरेंद्र मोहन के अनुसार सुबह करीब 10 बजे पैराशूटरों को लाया हेलीकॉप्टर गहरे हरे रंग का था। इससे इसके सेना का होने का अनुमान है। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पुलिस ने जलाशय प्रभारी से जानकारी ली।
जलाशय प्रभारी वीरेंद्र मोहन के मुताबिक एक हेलीकॉप्टर से रस्सी पर लटके जवान पैराशूट के जरिए बौर जलाशय के ककराला सलूस के पानी में उतरे थे। इसके बाद शाम करीब चार बजे एक हेलीकॉप्टर फिर से जलाशय के ऊपर मंडराया। उसमें से पांच लोगों ने नीचे आने के कुछ देर बाद पैराशूट खोल दिए और गोलाई के ठीक सामने जलाशय के अंदर सूखी जमीन पर उन्होंने लैंड किया।
थोड़ी देर बाद वह लोग फिर से हेलीकॉप्टर में बैठकर चले गए। चौकी प्रभारी मनोहर चंद ने बताया कि सूचना पर पुलिस जलाशय पर गई थी। वहीं, पुलिस चौकी प्रभारी मनोहर चंद ने बताया कि सूचना मिलने पर सिपाहियों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन तब तक उक्त लोग वहां से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास भी इस ट्रेनिंग के संबंध में कोई सूचना नहीं थी।
इधर, सिंचाई विभाग के जेई पीसी पांडे ने बताया कि उन्हें भी यह सूचना मिली थी कि हेलीकॉप्टर से कुछ लोगों ने पैराशूट के जरिए लैंडिंग की थी, लेकिन विभागीय स्तर पर उनके पास कोई सूचना नहीं है।