सितारगंज। सरकार एक तरफ जहां 48 घंटों के भीतर किसान की फसलों का भुगतान करने का दावा करती है। वहीं दूसरी ओर एक महीना बीत जाने के बाद भी किसानों का भुगतान नहीं हो सका है। इससे परेशान किसान रोजाना एसएमओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
एसएमओ विनय चौधरी ने बताया कि खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के छह कांटों पर तीन दिसंबर के बाद करीब 365 किसानों के 86.67 हजार क्विंटल धान की तौल कराई गई थी। किसानों का करीब 6.72 करोड़ का भुगतान बकाया है।
एक माह बीत जाने के बाद भी भुगतान न होने से परेशान राजेश कुमार यादव, बूटा सिंह, गुरसाहब सिंह सहित अन्य किसान रोजाना एसएमओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
एसएमओ धीरज कांडपाल ने बताया कि किसानों के भुगतान का प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। डिप्टी आरएमओ अशोक कुमार से वार्ता की गई है। बैंक खाते में रकम आते ही अगले सप्ताह सभी किसानों का भुगतान कर दिया जाएगा।