रुद्रपुर। जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने पीएमश्री राजकीय प्राथमिक विद्यालय आवास विकास में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिले में 6,23,263 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
डीएम ने कहा कि पेट में कृमि होने की दशा में बच्चे अधिक भोजन करेंगे, लेकिन शरीर को लाभ नहीं होगा। पढ़ाई में मन नहीं लगेगा। बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए एक वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों को दवा खिलाना जरूरी है।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि जिले के 2288 स्कूल, 2387 आंगनबाड़ी केंद्रों में 6,23,263 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। जो बच्चे दवा खाने से रह जाएंगे, उन्हें 16 अप्रैल को मॉप अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। वहां एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, सीईओ केएस रावत, डीईओ हरेंद्र मिश्रा, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग के कर्मी मौजूद थे।
सरकारी अस्पताल में मनाया गया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
बाजपुर/गदरपुर। सरकारी अस्पताल में ब्लाॅक प्रमुख सरिता देवी ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएमएस डाॅ. पीडी गुप्ता ने बताया कि दो साल तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल टैबलेट आधी और दो से 19 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली खिलाई जाएगी। वहां डाॅ. महेंद्र सिंह जयसवाल, डाॅ. एकता तिवारी, डाॅ. तयूब्ब, रेनूका आदि थे। राजकीय प्राथमिक विद्यालय गदरपुर प्रथम में मंगलवार को पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर ने अभियान की शुरुआत की। ब्लॉक समन्वयक मोहम्मद रिजवान ने बताया गदरपुर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के करीब 61174 बच्चों को कृमि नाशक गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहां डाॅ. विकास सचान, सीएचसी प्रभारी डाॅ. संजीव सरना, सभासद मुकेश चावला, आकाश कोचर, राकेश चौहान आदि मौजूद थे।