रुद्रपुर। जिले में पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं का वाहनों के प्रति तेजी से क्रेज बढ़ा है। परिवहन विभाग के ऊधमसिंह नगर उप संभाग में महिलाओं की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है।
जिले में चार-पांच वर्ष से महिलाओं में कार से लेकर स्कूटी का शौक आम हो गया है। ऊधमसिंह नगर उप संभाग में वर्ष 2016-17 में 169 महिलाओं ने डीएल बनवाए थे। इसके मुकाबले पुरुषों के 9518 डीएल बने।
अगले वर्ष 2017-18 में महिलाओं के डीएल बनाने का आंकड़ा बढ़कर 976 पहुंच गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2018-19 वर्ष के पहले महीने में महिलाओं के डीएल बनाने का आंकड़ा 100 से पार पहुंच गया है।
परिवहन विभाग के यह आंकड़े महिलाओं के ड्राइविंग के बढ़ते शौक की तस्दीक करते हैं। एआरटीओ प्रशासन नंद किशोर कहते हैं कि इस वर्ष ऊधम सिंह नगर उप संभाग में महिलाओं द्वारा डीएल बनाने का आंकड़ा 1500 तक पहुंचने की उम्मीद है। ब्यूरो