अल्मोड़ा का एक परिवार काशीपुर के ग्राम कचनालगाजी कुमाऊं कालोनी में आकर बसा है। परिवार की बड़ी बेटी विजातीय युवक से प्रेम करती है। परिजनों के विरोध पर युवती ने दो माह पूर्व घर छोड़ दिया। वह किराए के मकान में रहकर नौकरी के साथ ही एलएलबी भी कर रही है। बावजूद इसके परिजनों को उसका विजातीय युवक से मेलजोल पसंद नहीं है। युवती परिजनों की शिकायत लेकर महिला हेल्प लाइन पहुंची।
मंगलवार को हेल्प लाइन प्रभारी सरोज कांबोज ने परिजनों को कोतवाली बुलाया। कोतवाली में मां-बेटी आपस में भिड़ गई। गुस्से में बेटी ने मां के चरित्र पर भी टिप्पणी कर दी। इससे मां अपना आपा खो बैठी और उसे मारने को दौड़ पड़ी। पति व छोटी बेटी द्वारा रोके जाने पर महिला ने कोतवाली गेट पर हंगामा काटते हुए अपने कपड़े फाड़ डाले, जिससे वहां तमाशबीनों की भीड़ लग गई। कोतवाल चंचल शर्मा ने महिला व उसके परिजनों को घर भिजवाया। कुछ देर बाद युवती भी वहां से चली गई।