गदरपुर। पहली बरसात में ही गदरपुर-गोपालनगर मार्ग की गुणवत्ता की पोल खुल गई है। मार्ग को बने अभी कुछ माह ही हुए हैं, कि वह जगह-जगह पर टूट गया है। इससे आने-जाने वालों को काफी परेशानी हो रही है। कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं।
यह मार्ग गांव तेजफौजा से हो कर ग्राम गोपालनगर, बलराम नगर, बिशनपुर, सीतापुर आदि से होकर गूलरभोज और बैरिया दौलत से होते हुए बाजपुर तक जाता है। तेजाफौजा मोड़ पर सड़क टूटने से पानी भर गया है और सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं।
वहीं कुछ दूरी पर सेंटमेरी स्कूल के पास सड़क के किनारे गड्ढा बन गया है, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। लोगों ने लोनिवि विभाग के अधिकारियों से सड़क की मरम्मत करवाए जाने की मांग की है।