डॉ. हरेंद्र मलिक, जिला नोडल अधिकारी टीकाकरण अभियान।
- फोटो : RUDRAPUR
जिले में कोरोना वैक्सीन के प्रति जागरूकता बढ़ने से धीरे-धीरे टीकाकरण अभियान तेजी पकड़ रहा है। जिले में सात महीने में करीब 60 प्रतिशत लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज का टीकाकरण करीब 22 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जिले में अब तक कुल 10 लाख, 64 हजार, 422 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं।
देशभर में 16 जुलाई से टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। 14 लाख, 71 हजार, 464 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित हुआ था। इसमें हेल्थकेयर वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर, 45 प्लस व 18 प्लस की श्रेणियां बनाई गई हैं। जिले के कुल 12,472 हेल्थकेयर वर्करों में से 99.7 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है, जबकि दूसरी डोज 74 प्रतिशत को लगी है। इसी तरह 28 हजार, 714 फ्रंटलाइन वर्करों को पहली डोज लग चुकी है जबकि दूसरी डोज 48 प्रतिशत को लगी है। जबकि 45 प्लस के रूप में चिह्नित पांच लाख, छह हजार, 98 लोगों में से 61.91 प्रतिशत को पहली डोज लग चुकी है।
जबकि दूसरी डोज 44.89 प्रतिशत को लगी है। 18 प्लस के रूप में चिन्हित नौ लाख, 24 हजार, 180 लोगों में 55.43 प्रतिशत को पहली डोज व करीब पांच प्रतिशत को दूसरी डोज लगी है। जिले में आठ लाख, 72 हजार, 661 लोगों को पहली व एक लाख, 91 हजार, 761 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने कहा कि जिले में अब तक कुल 10 लाख, 64 हजार, 422 लोगों ने पहली व दूसरी डोज लगवा ली है। करीब 60 प्रतिशत को पहली व करीब 22 प्रतिशत को दूसरी डोज लग चुकी है। जिले में अभी 40 हजार डोज उपलब्ध है। (संवाद)
रुद्रपुर टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाती महिला।- फोटो : RUDRAPUR