रुद्रपुर में मनमानी फीस बढ़ोतरी और अन्य शुल्क वसूलने के विरोध में शुक्रवार को अभिभावकों ने कोलंबस स्कूल में हंगामा किया। उन्होंने प्रधानाचार्य का घेराव कर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया।
अभिभावक कोलंबस स्कूल प्रबंधन की मनमानी फीस बढ़ाने और अन्य शुल्क वसूलने का विरोध करने सुबह करीब साढ़े 10 बजे स्कूल गेट पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों पर पहले प्रवेश से रोकने और बाद में सिर्फ दो अभिभावकों को अंदर भेजने का आरोप लगाया। करीब डेढ़ घंटे बाद अभिभावक प्रधानाचार्य वंदना पांडे से मिले। कहा कि पिछले वर्ष 11वीं कक्षा में 3500 रुपये फीस ली जा रही थी, जो इस वर्ष बढ़ाकर 4500 रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही सत्र शुल्क के नाम 6000 रुपये वसूले जा रहे हैं। बीच-बीच में अन्य शुल्क भी वसूले जा रहे हैं। अभिभावकों ने कहा कि छोटी कक्षाओं के बच्चों के कक्षों में अक्सर पंखे बंद रहते हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य से फीस में बढ़ोतरी रोकने को कहा। इस संबंध में प्रधानाचार्य वंदना पांडे का कहना था कि स्कूल प्रबंधन ने इस वर्ष बच्चों की फीस सिर्फ 10 प्रतिशत बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि स्कूल में विभिन्न मदों पर खर्चा होता है, इसकी भरपाई के सत्र शुल्क से की जाती है। उन्होंने दावा किया सरकार की तरफ से ऐसे कोई दिशा निर्देेश नहीं मिले हैं। जिसमें कहा गया हो कि सत्र शुल्क नहीं लेना है। वहां पर संदीप, अमित, अनीता पांडे, अनुराधा, सरिता, सुरुचि अग्रवाल, रेनू आदि शामिल रहे। इस संबंध में जब सीईओ पीएन सिंह और डीईओ बेसिक रवि मेहता ने मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो उनके मोबाइल रिसीव नहीं हुए। बीईओ मतादीन गौतम ने बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी।